2 फीट जमीन के लिए पिता को बेटे ने मारा डाला.

बांदा। कहा जाता है कि पिता धरती पर भगवान का रूप होता है, लेकिन बांदा में एक कलयुगी बेटे ने रिश्ते की सारी मर्यादा को तार-तार कर दिया। सिर्फ 2 फीट जमीन के लिए बेटे ने अपने ही बूढ़े पिता को डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना चिल्ला थाना क्षेत्र के डिघवट गांव की है। यहां के रहने वाले 60 वर्षीय बुजुर्ग कल्लू पुत्र बदलू अपने परिवार के साथ रहते थे। दोपहर घर में मकान का निर्माण चल रहा था। इसी दौरान बड़े बेटे द्वारा बन रहे मकान को लेकर 2 फीट जमीन को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते पिता कल्लू और बड़े बेटे संतराम के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि कहासुनी इतनी बढ़ी कि कलयुगी बेटा संतराम ने आपा खो दिया और डंडों से अपने ही पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बुजुर्ग कल्लू लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

परिवार में चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायल कल्लू को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देख कानपुर रेफर कर दिया गया। परिजनों ने उन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन लाख कोशिशों के बाद भी बुजुर्ग को बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान कल्लू ने दम तोड़ दिया। मृतक के छोटे बेटे रतिराम ने बताया कि बड़ा भाई मकान बनवा रहा था, 2 फीट जमीन के विवाद में उसने पिता को डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई। 60 साल के बुजुर्ग की इस तरह बेटे के हाथों हुई मौत से पूरे गांव में सन्नाटा है। लोग कह रहे हैं ऐसी औलाद से तो बेऔलाद होना बेहतर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी कलयुगी बेटे के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts