हिस्ट्रीशीटर समेत 20 गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा और तीन लग्जरी गाड़ियां बरामद.

मुजफ्फरनगर। खादर क्षेत्र की विवादित और कीमती जमीनों पर अवैध कब्जा करने वाले कथित गिरोह के खिलाफ थाना भोपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर समेत 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियारों का जखीरा, भारी मात्रा में कारतूस और तीन लग्जरी गाड़ियां बरामद की हैं। बरामद हथियारों में छह तमंचे, एक पिस्टल, दो राइफल, एक दोनाली बंदूक, तलवार और नौ लकड़ी के डंडे शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने स्कॉर्पियो-एन, स्कॉर्पियो क्लासिक और थार गाड़ी भी कब्जे में ली हैं। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महांडिक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को थाना भोपा पुलिस शुक्रताल चौकी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गंगाघाट के पार से तीन गाड़ियों में सवार होकर 20 से 25 लोग खादर क्षेत्र की ओर आ रहे हैं। उनके पास अवैध हथियार हैं और वे किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद तीनों गाड़ियां वहां पहुंचीं, जिन्हें रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी संख्या में अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वे संगठित होकर खादर क्षेत्र की विवादित और कीमती जमीनों की खरीद-फरोख्त करते हैं। जिन जमीनों पर मालिकाना हक या कब्जे को लेकर विवाद होता है, वहां अपने पक्ष में अवैध कब्जा करने और उसे बनाए रखने के लिए एकजुट रहते हैं। विरोध करने वालों को डराने और दबाव बनाने के लिए हथियार साथ रखते हैं। आरोपी एक विवादित जमीन पर कब्जा करने के इरादे से पहुंचे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के मंगलौर थाने का हिस्ट्रीशीटर सुरेंद्र सिंह भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। सभी 20 आरोपियों के खिलाफ थाना भोपा में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में थाना भोपा पुलिस टीम ने की।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts