शामली : साइबर ठगी के तीन करोड़ रुपये ठगों तक पहुंचने से रोके,

शामली में किसी ने पाई-पाई जोड़कर बैंक खाते में रकम जमा की थी तो किसी ने बच्चों के भविष्य और परिवार की जरूरतों के लिए जीवनभर की कमाई बचाकर रखी थी। साइबर ठगों ने इन बचत पर हाथ साफ करने की कोशिश की, लेकिन समय रहते शिकायत मिलने पर पुलिस ने उनकी रकम ठगों तक पहुंचने से पहले ही रुकवा दी। शामली पुलिस ने पिछले छह माह में साइबर ठगी के 30 मामलों में करीब तीन करोड़ रुपये की रकम ठगों के खातों में जाने से बचाई है। वहीं, पिछले दो वर्षों में 20 करोड़ रुपये से अधिक की रकम पीड़ितों को वापस कराई जा चुकी है।

1930 पर शिकायत से बच गए दो लाख रुपये

कैराना निवासी मुनीर के बैंक खाते से एक नवंबर को साइबर ठगों ने दो लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही मुनीर ने बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और संबंधित बैंक से संपर्क कर रकम को रुकवाने की कार्रवाई की। समय पर शिकायत मिलने से दो लाख रुपये ठगों के हाथों में जाने से बच गए।

58 हजार की ठगी, पुलिस ने वापस कराए 50 हजार

गुलशन नगर निवासी इमरान भी साइबर ठगों के जाल में फंस गए। ठगों ने उनके बैंक खाते से 58 हजार रुपये निकाल लिए। इमरान ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये वापस करा दिए। शेष आठ हजार रुपये की वापसी के लिए प्रक्रिया जारी है।

खाते में रकम पहुंचते ही शुरू होती है कार्रवाई

एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि साइबर ठगी की शिकायत मिलते ही पुलिस लेनदेन का ब्योरा जुटाती है। जिस बैंक खाते में ठगी की रकम ट्रांसफर होती है, उसकी जानकारी संबंधित बैंक को देकर रकम फ्रीज कराने का प्रयास किया जाता है। कई मामलों में समय पर शिकायत मिलने से रकम को ठगों के खाते से आगे ट्रांसफर होने से रोक लिया जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।इसके अलावा cybercrime.gov.in पर भी शिकायत की जा सकती है। शिकायत करने में जितनी कम देरी होगी, रकम को रुकवाने या वापस दिलाने की संभावना उतनी ही अधिक रहेगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts