शामली में स्वगणना की रफ्तार धीमीः अब तक 15 हजार लोगों ने ही भरा ऑनलाइन फॉर्म,

शामली में जनगणना की स्वगणना में लोगों की रुचि कम होने से अभियान की रफ्तार धीमी बनी हुई है। परिवार का विवरण खुद ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कराने के बजाय ज्यादातर लोग प्रगणकों के घर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। जिले में अब तक करीब 15 हजार लोगों ने ही ऑनलाइन स्वगणना की है। जबकि इसके लिए 30 नवंबर तक का समय निर्धारित किया गया है। जागरूकता की कमी के साथ पोर्टल में आ रही तकनीकी दिक्कतें भी लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है
40 सवालों के जवाब देने में उलझ रहे लोगस्वगणना के तहत प्रत्येक परिवार को ऑनलाइन पोर्टल पर 40 सवालों के जवाब देकर अपना विवरण दर्ज करना है। प्रश्नावली में कई ऐसी जानकारियां मांगी गई हैं, जिन्हें जुटाने में लोगों को परेशानी हो रही है। खासकर परिवार के बुजुर्ग सदस्यों से जुड़ी पुरानी जानकारियां, माता का नाम और पता बताने में लोग उलझ रहे हैं। इसके अलावा जाति, कोविड टीकाकरण और पिछले एक साल में किए गए काम का विवरण भी मांगा जा रहा है। पढ़े-लिखे लोग भी कई सवालों को लेकर असमंजस में हैं, जबकि कम पढ़े-लिखे लोगों के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरना और चुनौतीपूर्ण हो रहा है।

ओटीपी और सर्वर ने बढ़ाई मुश्किल

ऑनलाइन स्वगणना के दौरान लॉगिन के लिए ओटीपी देर से आने और वेबसाइट हैंग होने की समस्या सामने आ रही है। कई बार फॉर्म भरते समय वेबसाइट बंद हो जाती है, जिससे लोगों को दोबारा पूरी प्रक्रिया शुरू करनी पड़ती है। फील्ड में काम कर रहे कर्मचारियों को भी लोगों से संपर्क करने और ओटीपी प्राप्त करने में दिक्कत हो रही है। कई लोग फोन नहीं उठाते तो कुछ प्रक्रिया की जानकारी नहीं होने के कारण सहयोग नहीं कर पा रहे हैं।

कर्मचारियों पर भी बढ़ रहा दबाव

लेखपाल लोकेश कुमार को स्वगणना के लिए सुपरवाइजर नियुक्त किया गया है। उनका कहना है कि अधिकारियों की ओर से स्वगणना में तेजी लाने का दबाव बनाया जा रहा है। कर्मचारियों को ही लोगों की स्वगणना कराने में जुटना पड़ेगा तो स्वयं स्वगणना का उद्देश्य प्रभावित होगा। लोगों को खुद आगे आकर पोर्टल पर परिवार का विवरण दर्ज कराना चाहिए, ताकि कर्मचारियों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े।

पहले प्रक्रिया समझेंगे, फिर करेंगे स्वगणना

दीपक का कहना है कि उन्हें ऑनलाइन स्वगणना की जानकारी है, लेकिन पोर्टल पर सवालों के जवाब किस तरह भरने हैं, इसकी पूरी जानकारी नहीं है। पहले प्रगणक से प्रक्रिया समझेंगे, इसके बाद ही स्वगणना करेंगे।जिजौला निवासी शहजाद राणा ने बताया कि समय की कमी के कारण अभी तक स्वगणना नहीं कर पाए हैं। पोर्टल का सर्वर भी ठीक से काम नहीं कर रहा है। अब एक दिसंबर से कर्मचारियों के घर पहुंचने का इंतजार करेंगे।

लोगों को जागरूक कर रहे हैं डीएम

जिलाधिकारी प्रवीण वर्मा ने बताया कि जिले में अब तक करीब 15 हजार लोगों ने स्वगणना की है। लोगों को ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। निर्धारित समयसीमा में अधिक से अधिक परिवारों की स्वगणना कराने का प्रयास किया जा रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts