शामली में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, गुस्साई भीड़ ने बस में की तोड़फोड़

शामली। शहर के वीवी इंटर कॉलेज रोड पर रविवार देर रात तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 26 वर्षीय राजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई 24 वर्षीय जुबैर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और परिचितों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने रोडवेज बस में जमकर तोड़फोड़ की और बस में आग लगाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक घटनास्थल पर हंगामा चलता रहा। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को भारी बल तैनात करना पड़ा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद भीड़ ने सड़क से शव उठाने दिया। जानकारी के अनुसार राजा मूल रूप से सहारनपुर के हाकमशाह मोहल्ले का रहने वाला था।

उसकी शादी शामली के कलंदर शाह मोहल्ले में हुई थी। बाद में उसने शामली के राजो मोहल्ले में अपना मकान बना लिया और परिवार सहित यहीं रहने लगा था। राजा के दो बच्चे हैं। रविवार देर रात वह अपने छोटे भाई जुबैर और वसीम के साथ बाइक से किसी काम से शहर की ओर जा रहा था। इसी दौरान वीवी इंटर कॉलेज रोड पर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राजा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि जुबैर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल शामली में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। वसीम को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभाली और मामले की जांच शुरू कर दी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts