शामली। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन कुत्तों के हमले में मासूम बच्चे घायल हो रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। ताजा मामला मोहल्ला स्लेख विहार का है, जहां घर के बाहर खेल रहे पांच वर्षीय मासूम पर आवारा कुत्ते ने हमला कर उसे घायल कर दिया। कुत्ते के हमले की पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला स्लेख विहार निवासी सामी का पांच वर्षीय पुत्र शहजाद घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक आवारा कुत्तों का झुंड गली में घुस आया। झुंड में शामिल एक कुत्ते ने खेल रहे मासूम पर हमला कर उसकी टांग में काट लिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले और शोर मचाया, जिसके बाद कुत्ता वहां से भाग गया। परिजन घायल बच्चे को तत्काल चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। हमले की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
शहर में आवारा कुत्तों के हमलों की यह पहली घटना नहीं है। दो दिन पहले नाला पटरी मोहल्ले में भी आवारा कुत्तों ने चार बच्चों को काटकर घायल कर दिया था। इससे पहले काजीवाड़ा और शीतल नगर मोहल्लों में भी कई बच्चे कुत्तों के हमले का शिकार हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर में आवारा कुत्तों की संख्या हजारों तक पहुंच गई है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। लगातार हो रहे हमलों से अभिभावकों में दहशत है। लोगों ने प्रशासन और नगर निकाय से आवारा कुत्तों को पकड़ने तथा बच्चों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।















