आगरा। ताज होटल में वेटर कांति के साथ कथित मारपीट का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। होटल में काम करने वाले एक कर्मचारी के साथ हुई इस घटना को लेकर अब मुंबई से भी आवाज उठने लगी है। पीड़ित कर्मचारी को न्याय दिलाने और उसके परिवार का भविष्य सुरक्षित करने की मांग को लेकर मुंबई से आगरा पहुंचे फैज़ान अंसारी ने पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार से मुलाकात कर प्रार्थना पत्र सौंपा है।
फैज़ान अंसारी ने अपने प्रार्थना पत्र के माध्यम से पुलिस प्रशासन का ध्यान वेटर कांति के साथ हुई कथित मारपीट की घटना की ओर आकर्षित किया। उन्होंने मांग की कि होटल में कर्मचारी के साथ मारपीट करने वाले ग्राहक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि होटल और अन्य प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारी भी सम्मान और सुरक्षा के हकदार हैं। किसी भी कर्मचारी के साथ मारपीट या अभद्र व्यवहार की घटना को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। एक गरीब कर्मचारी अपनी मेहनत और ईमानदारी से परिवार का पालन-पोषण करता है। ऐसे में उसके साथ हुई घटना का असर केवल उसकी नौकरी तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति और भविष्य पर भी पड़ता है।
वेटर कांति को आजीवन नौकरी की गारंटी देने की मांग
फैज़ान अंसारी ने ताज होटल प्रबंधन से भी विशेष अपील की है। उन्होंने मांग उठाई कि वेटर कांति की नौकरी पूरी तरह सुरक्षित की जाए और उसे आजीवन नौकरी की गारंटी दी जाए, ताकि घटना के बाद उसे किसी प्रकार के दबाव, डर या नौकरी जाने की चिंता का सामना न करना पड़े।














