मुजफ्फरनगर। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना भोपा क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल शुक्रताल में आधुनिक सुविधाओं से युक्त पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने विधिवत रूप से पुलिस कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी भोपा राधारमण सिंह, थाना प्रभारी भोपा आशुतोष कुमार सहित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नवनिर्मित कंट्रोल रूम में क्षेत्र की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से महत्वपूर्ण स्थानों और आवागमन वाले क्षेत्रों पर नजर रखी जाएगी। इसके साथ ही पुलिस एवं संबंधित इकाइयों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए वायरलेस संचार व्यवस्था भी स्थापित की गई है। कंट्रोल रूम में चौबीस घंटे पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए कंट्रोल रूम में फर्स्ट एड किट, इमरजेंसी लाइट और अग्निशमन उपकरण सहित आवश्यक जीवनरक्षक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। इससे किसी दुर्घटना या आकस्मिक स्थिति में श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को प्राथमिक सहायता मिल सकेगी।
उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी और एसएसपी ने कंट्रोल रूम में उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से क्षेत्र की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित पुलिस इकाइयों से समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी संचार और सुरक्षा उपकरणों को हमेशा क्रियाशील रखने के निर्देश दिए।
पुलिस कंट्रोल रूम की स्थापना से शुक्रताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ेगी और श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।















