बाँदा। उत्तर प्रदेश पुलिस ने सोमवार को पूरे प्रदेश में पुलिस झण्डा दिवस धूमधाम से मनाया। जनपद बाँदा में पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 का संदेश पढ़कर सुनाया। इस अवसर पर एसपी पलाश बंसल ने कहा कि उ0प्र0 पुलिस के लिए यह ऐतिहासिक महत्व का दिन है। शक्ति, निष्ठा, अनुशासन एवं सेवा की भावना को दर्शाने वाला लाल एवं नीले रंग का पुलिस ध्वज हमारे आत्मसम्मान एवं कर्तव्यपरायणता का प्रेरणास्रोत है।
ध्वज के प्रति सम्मान हमें अपने दायित्वों के प्रति और अधिक समर्पित करता है और नई ऊर्जा का संचार करता है। कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज , समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक बेलास यादव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।जनपद के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थानों पर पुलिस ध्वज को सलामी दी और डीजीपी का संदेश पढ़कर सुनाया। 23 नवम्बर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पं0 जवाहर लाल नेहरू द्वारा पुलिस कार्य के सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस ध्वज प्रदान किया गया था। यह सम्मान पाने वाला उत्तर प्रदेश देश का प्रथम राज्य पुलिस बल बना था ।















