मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग इलाके में साल 2016 से जर्जर घोषित किए गए 600 सरकारी जनता क्वार्टरों को ढहाने की कार्रवाई सोमवार सुबह शुरू हो गई. प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने भारी मशीनों की मदद से इन जर्जर इमारतों को जमींदोज करने का अभियान छेड़ दिया है. किसी भी तरह के विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है.जानकारी के मुताबिक, ऐशबाग स्थित इन 600 क्वार्टरों में से 90 फीसदी मकान पहले ही खाली कराए जा चुके हैं. सुबह से शुरू हुए इस ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिसके तहत करीब 1,000 पुलिसकर्मी और नगर निगम के अतिक्रमण हटाने वाले दस्ते के 1,000 कर्मचारी मौके पर तैनात हैं.
जर्जर घोषित हो चुकी इमारतों को तेजी से गिराने के लिए प्रशासन ने 12 जेसीबी (JCB), 6 पोकलेन समेत कुल 50 भारी मशीनों को काम पर लगाया है. प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जारी इस कार्रवाई के चलते पूरे क्षेत्र में हलचल बनी हुई है.
मध्य प्रदेश में पहले भी चर्चा में रहे हैं बड़े बुलडोजर एक्शन
इससे पहले मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर पहुंचने के मार्ग पर स्थित बेगम बाग इलाके में अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया था. उज्जैन विकास प्राधिकरण (UDA) की इस जमीन को 30 साल की लीज पर आवासीय उपयोग के लिए दिया गया था, लेकिन नियमों की अनदेखी कर व्यावसायिक इस्तेमाल किए जाने पर प्रशासन ने अवैध इमारतों को जमींदोज कर दिया था. इसी तरह ग्वालियर में भी हाईकोर्ट के आदेश पर बड़ा बुलडोजर एक्शन देखने को मिला था, जिसमें 75 मकान ध्वस्त किए गए थे. उस दौरान बेघर होने की चिंता को लेकर स्थानीय निवासियों और महिलाओं ने जमकर हंगामा किया था तथा अधिकारियों से तीखी बहस भी हुई थी.















