भारत से कौन जाएगा पाकिस्तान, न्योता देने की तैयारी में पड़ोसी,

भारत ने SCO के पहले सभ्यतागत संवाद (Civilisational Dialogue) में पाकिस्तान को भी न्योता दिया था और पड़ोसी मुल्क के मंत्री ने इसमें भाग भी लिया था। लेकिन अब इस्लामाबाद में एक बेहद अहम मीटिंग होने वाली है, जिसके लिए पाकिस्तान भी भारत को न्योता देने की तैयारी कर रहा है।लेकिन सवाल यह है कि अगर पाकिस्तान की तरफ से न्योता आता है, जो कि आएगा ही तो फिर भारत से पाकिस्तान आखिर कौन जाएगा।

इस्लामाबाद में इकट्ठा होंगे संस्कृति मंत्री

अगले साल की शुरुआत यानी जनवरी 2027 में पाकिस्तान के अंदर यूरेशियन ब्लॉक की मीटिंग होना है। इसकी अध्यक्षता पाकिस्तान करेगा। इस मीटिंग के लिए संस्कृति मंत्री इस्लामाबाद में इकट्ठा होंगे। इस पर भारत की प्रतिक्रिया देखनी दिलचस्प होगी। भारत का फैसला इसलिए भी बेहद अहम है, क्योंकि पहलगाम आतंकी हमले के बाद से भारत के किसी भी मंत्री ने पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है।

आमतौर पर पीएम मोदी करते हैं नेतृत्व

जनवरी में होने वाली यूरेशियन ब्लॉक की बैठक के बाद अगस्त 2027 में पाकिस्तान SCO के राष्ट्राध्यक्षों की परिषद शिखर सम्मेलन की मेजबानी भी करेगा। आमतौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। लेकिन उनका पाकिस्तान जाना फिलहाल तो असंभव ही लगता है। पाकिस्तान ने पहले इस सम्मेलन को 14 अगस्त यानी पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित करने की योजना बनाई थी। ऐसे में अगर 14 अगस्त को यह सम्मेलन होता है तो इसमें भारत की तरफ से किसी भी स्तर पर भागीदारी की संभावना नहीं है।

पहलगाम अटैक के बाद कौन गया PAK

अप्रैल 2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की तरफ से पाकिस्तान की एकमात्र महत्वपूर्ण यात्रा विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव आलोक डिमरी ने की थी। वे सितंबर में SCO के राष्ट्रीय समन्वयकों की एक बैठक के लिए वहां गए थे। बैठक पाकिस्तान के अध्यक्षता संभालने के कुछ ही समय बाद हुई थी, जिसका उद्देश्य इस्लामाबाद की अध्यक्षता में होने वाले कार्यक्रमों का कैलेंडर तय करना था।

भारत के लिए मीटिंग उतनी जरूरी नहीं

‘मीटिंग ऑफ मिनिस्टर्स ऑफ कल्चर’ (SCO-MMC) के बाद अगस्त में होने वाले इस्लामाबाद शिखर सम्मेलन से पहले पाकिस्तान SCO के रक्षा और विदेश मंत्रियों की कुछ और अहम बैठकों की भी मेजबानी करेगा। पाकिस्तान में SCO सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग को लेकर होने वाली यह बैठक भारत के लिए अपेक्षाकृत कम महत्व रखती है और इसमें राजनीतिक प्रतिबद्धताएं भी बहुत कम हैं। इसके विपरीत, विदेश और रक्षा मंत्रियों के स्तर की उच्च-स्तरीय बैठकें देश के भीतर राजनीतिक माहौल को गरमा सकती हैं।

एस जयशंकर कर सकते हैं नेतृत्व

इस बात की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि भारत का प्रतिनिधित्व कोई वरिष्ठ मंत्री संभवतः जयशंकर करें। इससे भारत को SCO के साथ अपना सक्रिय जुड़ाव बनाए रखने में मदद मिलेगी, और साथ ही ऐसा भी नहीं लगेगा कि भारत ने पाकिस्तान को लेकर अपनी नीति में नरमी बरती है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसा पहले भी हो चुका है। साल 2024 में कजाकिस्तान में हुए शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री की जगह जयशंकर ही शामिल हुए थे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts