पीठ पर होने वाले दानों को बैक एक्ने या बैक्ने (Bacne) कहा जाता है. इस दिक्कत से बहुत से लोगों को दो-चार होना पड़ता है. इसमें पीठ पर एक्सेस सीबम और ऑयल जमा होने लगता है और बंप्स या पिंपल्स निकलना शुरू हो जाते हैं. इसके कई कारण हो सकते हैं, जैसे जरूरत से ज्यादा पसीना आना, कपड़ों या बैकपेक के कारण घर्षण होना, साफ-सफाई का ध्यान ना रखना और पीठ की ठीक तरह से सफाई ना करना, डेड स्किन सेल्स का जमना और स्किन का बहुत ज्यादा ऑयली होना या फिर हार्मोनल इंबैलेंस होना. ऐसे में अगर आप भी पीठ की इस दिक्कत से दोचार हो रहे हैं तो यहां जानिए कौन से घरेलु नुस्खे पीठ के दाने और फुंसियां दूर कर सकते हैं.
पानी में मिलाएं ओटमील
2 कप ओटमील को गर्म पानी में मिलाएं और इस पानी से नहाएं. ओटमील इंफ्लेमेशन को कम करता है, इरिटेटेड स्किन को सूदिंग इफेक्टस देता है और स्किन को साफ करता है.
सेब का सिरका
बराबर मात्रा में सेब का सिरका और पानी मिलाकर स्प्रे बोतल में भरें और इसे पीठ पर छिड़कें. सेब के सिरके में मौजूद नेचुरल एंटीबैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण स्किन के पीएच लेवल्स को बैलेंस करते हैं.
हल्दी आएगी काम
हल्दी में करक्यूमिन होता है जिसके एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीबैक्टीरियल गुण एक्ने को कम करते हैं. एक चम्मच हल्दी पाउडर में पानी या शहद मिलाकर पेस्ट बनाएं. इसे पीठ पर 15 से 20 मिनट लगाकर रखने के बाद धोकर हटा लें. हफ्ते में 2-3 बार यह नुस्खा आजमा सकते हैं.
ग्रीन टी का स्प्रे
ग्रीन टी पकाएं और इसे ठंडा कर लें. इस ग्रीन टी को स्प्रे बोतल में भरकर रखें. इसे पीठ पर रोजाना छिड़का जा सकता है. ग्रीन टी एंटी-ऑक्सीडेंट्स और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होने के चलते एक्ने को कम करती है.
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें.















