बैंक एप में मिलेगा ‘स्टॉप स्विच’ बटन, ठगी का शक होते ही एक क्लिक में रुकेगा पैसा!

साइबर फ्रॉड से अपने बैंक खाते को बचाना अब ग्राहकों के लिए पहले से आसान होने वाला है. खाता हैक होने का शक होते ही अब बैंक को फोन लगाने की भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ग्राहकों के पैसे को सुरक्षित रखने के लिए नए प्रस्ताव लेकर आया है. इनसे हर ग्राहक को अपने डिजिटल लेनदेन पर सीधा कंट्रोल मिल जाएगा. RBI ने इन प्रस्तावित नियमों पर 14 दिसंबर 2026 तक सुझाव मांगे हैं, जिन्हें 1 जुलाई 2027 से लागू किया जा सकता है.

एक क्लिक में ठगी रोकेगा ‘स्टॉप स्विच’

नए नियमों में सबसे खास ‘स्टॉप स्विच’ है. ये बैंक के एप में एक इमरजेंसी बटन जैसा होगा. बैंक अकाउंट, पासवर्ड या डिजिटल पेमेंट हैक होने का शक होते ही आपको बैंक को फोन नहीं करना पड़ेगा. इसे ऑन करते ही खाते से पैसे निकलना तुरंत बंद हो जाएगा. हर तरह का नया पेमेंट, नया ऑटो-डेबिट और किसी नए एप पर UPI रजिस्ट्रेशन फौरन रुक जाएगा. राहत की बात ये है कि पूरा खाता फ्रीज नहीं होगा. खाते में पैसे आना, पहले से चल रही लोन EMI, पुराने ऑटो-डेबिट और बैंक चार्ज पहले की तरह जारी रहेंगे. बाद में वेरिफिकेशन पूरा करके आप इसे दोबारा बंद कर सकेंगे.

पेमेंट लिमिट से टाइमिंग तक आपके हाथ में

अभी ग्राहकों को बैंक या पेमेंट एप्स की तय लिमिट पर निर्भर रहना पड़ता है. नए नियम लागू होने के बाद आप खुद अपनी पेमेंट लिमिट सेट कर सकेंगे. आप एक बार में, किसी खास व्यक्ति को या दिनभर में भेजे जाने वाले कुल पैसों की सीमा खुद तय कर पाएंगे. जैसे, बैंक की ज्यादा लिमिट होने पर भी आप किसी व्यक्ति के लिए 20,000 रुपये या किसी एप पर 10,000 रुपये की रोजाना लिमिट लगा सकते हैं. आप ये भी चुन सकेंगे कि दिन के किस समय कौन-सा पेमेंट चैनल बंद रहेगा. ये नियम डेबिट, क्रेडिट और प्रीपेड कार्ड पर भी लागू होगा. इसके अलावा नया खाता खोलने पर डिजिटल पेमेंट सुविधा पहले से बंद रहेगी और आपकी मंजूरी के बाद ही चालू होगी.

बड़े पेमेंट पर ‘ट्रस्टेड पर्सन’ का पहरा

बड़े पेमेंट को सुरक्षित बनाने के लिए RBI ‘ट्रस्टेड पर्सन’ फीचर ला रहा है. ये सुविधा पूरी तरह आपकी मर्जी पर निर्भर करेगी. इसमें आप 18 साल या उससे बड़े किसी भरोसेमंद व्यक्ति, जैसे परिवार के किसी सदस्य को नॉमिनेट कर सकेंगे. आपकी तय सीमा से बड़ी रकम ट्रांसफर करने पर उस व्यक्ति के पास पेमेंट की जानकारी जाएगी. उसे मंजूरी देने के लिए 1 घंटे का समय मिलेगा. मना करने या 1 घंटे में जवाब न देने पर पेमेंट अपने आप रुक जाएगा. इसे शुरू करने से पहले 24 घंटे का वेटिंग (कूलिंग-ऑफ) पीरियड रहेगा. खास बात ये है कि उस व्यक्ति को आपके खाते का बैलेंस, FD या निवेश नहीं दिखेगा और न वो खुद कोई पेमेंट कर पाएगा. हालांकि, ये नियम UPI, दुकानों के पेमेंट या ऑटो-डेबिट पर लागू नहीं होगा.

लापरवाही पर नपेंगे बैंक, जानें कब से लागू होंगे नियम

डिजिटल फ्रॉड होने पर अब बैंक अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं पाएंगे. सुरक्षा के तय नियम न लागू करना, लेनदेन का जरूरी अलर्ट न भेजना, 24 घंटे फ्रॉड की शिकायत दर्ज करने की सुविधा न देना या शिकायत पर तुरंत एक्शन न लेना बैंक की लापरवाही माना जाएगा. बैंक के सिस्टम में खराबी, सुरक्षा में सेंध या किसी बैंक कर्मचारी की मिलीभगत से ठगी होने पर भी जवाबदेही बैंक की ही होगी. ये सख्त नियम 1 जनवरी 2027 से लागू करने का प्रस्ताव है. नए नियम देश के लगभग सभी सरकारी, प्राइवेट कमर्शियल बैंक, स्मॉल फाइनेंस बैंक, पेमेंट्स बैंक, ग्रामीण बैंक, लोकल एरिया बैंक और कोऑपरेटिव बैंकों पर लागू होंगे. हालांकि, ये अभी ड्राफ्ट नियम हैं और अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही आम ग्राहकों को इनका फायदा मिल पाएगा.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts