पुतिन ने की भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता की तारीफ,

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता की जमकर सराहना की है। उन्होंने भारत की प्राचीन सभ्यता का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति बेहद समृद्ध और आकर्षक है। पुतिन ने कहा कि भारत के बारे में जितना अधिक जानते हैं, उतना ही इससे प्रभावित होते जाते हैं।

स्पुतनिक की रिपोर्ट के अनुसार, एक इंटरव्यू में पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई बातचीत का किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान उन्होंने पीएम मोदी से पूछा था कि भारत में कितने लोग आधिकारिक भाषा बोलते हैं। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने जवाब दिया कि लगभग 60 करोड़ लोग आधिकारिक भाषा बोलते हैं।

पुतिन ने जब भारत की कुल आबादी के बारे में पूछा तो पीएम मोदी ने बताया कि देश की आबादी करीब डेढ़ अरब है। यह सुनकर पुतिन हैरान रह गए। उन्होंने कहा कि इसका मतलब है कि देश की बड़ी आबादी अन्य भाषाएं बोलती है। जब उन्होंने इस बारे में पूछा तो प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि बाकी लोग अपनी-अपनी भाषाओं में बातचीत करते हैं।

पुतिन ने भारत की इस भाषाई विविधता को अद्भुत बताते हुए कहा कि इतनी बड़ी आबादी के बीच अलग-अलग भाषाओं और संस्कृतियों का अस्तित्व वाकई हैरान करने वाला है। उन्होंने भारतीय सभ्यता को दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक बताते हुए इसकी विविधता और सांस्कृतिक विरासत की प्रशंसा की।भारत में संविधान की आठवीं अनुसूची के तहत 22 भाषाओं को मान्यता प्राप्त है। देश की अलग-अलग भाषाएं, परंपराएं और संस्कृतियां भारत की विशिष्ट पहचान हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts