बांदा। ट्रेनों और प्लेटफार्म पर चोरी-लूट की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी थाना बांदा पुलिस ने सोमवार को बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने प्लेटफार्म नंबर 2 के पास अतर्रा आउटर की तरफ बनी निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास से दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी जगतपाल पुत्र लक्ष्मण पाल निवासी डाडामऊ, थाना पैलानी, उम्र 29 वर्ष, रामबाबू यादव पुत्र कल्लू यादव निवासी अलिहा,
थाना बिसंडा, उम्र 37 वर्ष है।पुलिस अधीक्षक रेलवे झांसी विपुल कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन और सीओ रेलवे सलीम खान के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक हरिनाथ सिंह की टीम लगातार चोरी के मामलों में बरामदगी के लिए लगी थी। जगतपाल के कब्जे से रियलमी कंपनी का गहरे नीले रंग का एक मोबाइल फोन और 400 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं रामबाबू के पास से एक पर्स, 150 रुपये नकद और वादी जीतू के 11 पासपोर्ट साइज फोटो बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।















