जॉर्जिया में रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान गोलीबारी में दो लोगों की गोली लगने से मौत हो गई और करीब 35 अन्य लोग घायल हो गए. जॉर्जिया जांच ब्यूरो ने एक बयान में कहा कि शनिवार देर रात करीब 1:25 बजे एक कार्यक्रम के दौरान डूली काउंटी शेरिफ कार्यालय के अधिकारी गश्त कर रहे थे, तभी उन्होंने गोलियां चलने की आवाज सुनी.अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर दो लोग मृत मिले और कई अन्य लोग गोली लगने से घायल थे. पुलिस ने यह साफ नहीं किया कि घायल हुए 35 लोगों में से कितने लोगों को गोली लगी थी और न ही उनकी चोटों के बारे में विस्तृत जानकारी दी. जॉर्जिया जांच ब्यूरो ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए कई अस्पतालों में ले जाया गया.
जॉर्जिया के वियना में ‘होमकमिंग पार्टी’
दरअसल अधिकारियों के मुताबिक, रविवार की सुबह जॉर्जिया के वियना में एक ‘होमकमिंग पार्टी’ के दौरान हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और 35 अन्य घायल हो गए. रिपोर्ट के मुताबिक, जॉर्जिया ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन ने बताया कि यह गोलीबारी रात करीब 1:25 बजे एक ‘ब्लॉक पार्टी’ के दौरान हुई, जिसमें 1,000 से ज़्यादा लोग शामिल थे और पुलिस अधिकारी भीड़ पर नजर रख रहे थे.
जॉर्जिया ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन कर रहा जांच
डूली काउंटी के कोरोनर ब्रेट वॉल्स ने पुष्टि की कि मारे गए लोग 20 और 23 साल के पुरुष थे. उनके नाम अभी जारी नहीं किए गए हैं क्योंकि जांच चल रही है. डूली काउंटी के शेरिफ क्रेग पीवी ने बताया कि कम से कम 25 लोगों को अस्पताल ले जाया गया और एक ब्लॉक की दूरी पर दो जगहों पर गोलीबारी की सूचना मिली. जॉर्जिया ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन जांच में स्थानीय अधिकारियों की मदद कर रहा है.















