अगर आप खाने के शौकीन हैं तो आपको एक बार पनपथी की रोटी ट्राई करके देखें. इस रोटी की खास बात यह है कि इसे हाथ से बनाया जाता है, जिसे साग या सूखी सब्जी के साथ सर्व किया जाता है.भारत में व्यंजनों के साथ कई तरह की रोटियां भी मशहूर हैं, जिसे अलग-अलग मौके पर परोसा जाता है. तंदूरी, तवा या फिर मीठी रोटी तो हर जगह मिलती है, लेकिन क्या आपने कभी पनपथी रोटी खाई है? अगर जवाब नहीं है तो इस देसी रोटी के बारे में जानना आपके लिए दिलचस्प हो सकता है. पनपथी रोटी पारंपरिक तौर पर बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बनाई जाती है. इसे बनाने का तरीका आम रोटी से काफी अलग है. इसमें चकला-बेलन का इस्तेमाल नहीं किया जाता, बल्कि हाथों और पानी की मदद से आटे की लोई को फैलाकर रोटी का शेप दिया जाता है. इसी वजह से इसे कई जगह पानी की रोटी भी कहा जाता है. अगर आप चाहें तो इसे घर पर बनाकर भी सर्व कर सकते हैं, बस इसकी सही रेसिपी आपको पता होनी चाहिए.
क्या है पनपथी रोटी की खासियत?
आमतौर पर रोटी बनाने के लिए आटे की लोई को चकले पर बेलकर पतला किया जाता है, लेकिन पनपथी रोटी में यह तरीका नहीं अपनाया जाता. इसके लिए आटे की लोई को हथेली पर रखकर उंगलियों और अंगूठे की मदद से धीरे-धीरे फैलाया जाता है. हाथों पर थोड़ा पानी लगाने से आटा चिपकता नहीं है और उसे आसानी से फैलाया जा सकता है. इस रोटी की एक और खासियत इसका देसी स्वाद है. पारंपरिक रेसिपी में गेहूं के आटे के साथ बेसन, अजवाइन, नमक और थोड़ा तेल या घी इस्तेमाल किया जाता है.
पनपथी रोटी की रेसिपी
- गेहूं का आटा- 2 कप
बेसन- 2 चम्मच - अजवाइन- आधा छोटा चम्मच
- नमक- स्वादानुसार
- घी- 3 चम्मच
- गर्म पानी- 1 कप
विधि
- एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, बेसन, अजवाइन और नमक डालें. इसमें तेल या घी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब थोड़ा-थोड़ा हल्का गर्म पानी डालते हुए आटा गूंथें और इसका आटा नॉर्मल चपाती के आटे से थोड़ा सख्त रखा जाता है.
- गूंथे हुए आटे को ढककर करीब 20 मिनट के लिए रख दें. इसके बाद आटे को एक बार फिर हल्के हाथों से मसल लें और आटे की एक लोई बनाएं. अब दोनों हाथों पर थोड़ा पानी लगाकर लोई को एक हथेली पर रखें और दूसरी हाथ की उंगलियों व अंगूठे से किनारों को दबाएं.
- इसके बाद रोटी को शेप दें और गर्म तवे पर रोटी को डालें. एक तरफ हल्की सिक जाए तो इसे पलटकर दूसरी तरफ भी सेकें. दोनों तरफ हल्के भूरे निशान आने के बाद इसे हल्की आंच पर अच्छी तरह पका लें.
- रोटी पक जाने के बाद इसके ऊपर थोड़ा घी लगाएं. इसे गरमा-गरम दाल, सब्जी या अपनी पसंद की चटनी के साथ परोस सकते हैं.















