दुनिया के 40% लोगों को नहीं मिल रहा पर्याप्त आवास, UN की रिपोर्ट.

दुनिया में हाउसिंग संकट लगातार गहराता जा रहा है. संयुक्त राष्ट्र की संस्था UN-Habitat के मुताबिक, दुनिया में हर 10 में से करीब 4 लोग पर्याप्त आवास की कमी से जूझ रहे हैं. इसका मतलब है कि करीब 3 अरब लोगों के पास ऐसा घर नहीं है, जहां वे सुरक्षित और अच्छी स्थिति में रह सकें. इसमें सिर्फ वे लोग शामिल नहीं हैं जिनके पास रहने के लिए घर नहीं है, बल्कि ऐसे लोग भी हैं जिनके घर में पानी, बिजली और साफ-सफाई जैसी जरूरी सुविधाएं नहीं हैं या जिनके लिए घर का खर्च उठाना मुश्किल है.इस बार UN-Habitat ने वर्ल्ड अर्बन फोरम (WUF13) से जुड़ी दो नई रिपोर्ट जारी की थी. इनका नाम ‘WUF13 रिपोर्ट’ और ‘WUF13 पर्सपेक्टिव्स’ है. इन रिपोर्टों में दुनिया के हाउसिंग संकट, शहरों के विकास और सभी लोगों तक पर्याप्त आवास पहुंचाने के तरीकों पर चर्चा की गई है.वर्ल्ड अर्बन फोरम की थीम ‘दुनिया को आवास देना सुरक्षित और मजबूत शहर और समुदाय’ थी. इसमें 176 देशों के 58 हजार से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया. काकेशस क्षेत्र में पहली बार आयोजित इस फोरम में आवास से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा हुई.

सिर्फ घर होना ही पर्याप्त आवास नहीं

UN-Habitat के मुताबिक, किसी व्यक्ति के पास घर होना ही पर्याप्त आवास की गारंटी नहीं है. घर ऐसा होना चाहिए, जहां रहने वाले लोग सुरक्षित महसूस करें और उन्हें जरूरी सुविधाएं भी मिलें. इसके लिए सात बातों को जरूरी माना गया है. पहला, घर पर रहने वाले व्यक्ति का कानूनी अधिकार सुरक्षित होना चाहिए, ताकि उसे जबरन घर से बाहर न निकाला जा सके. दूसरा, घर में साफ पानी, बिजली और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं होनी चाहिए. तीसरा, घर का किराया या उसकी किस्त इतनी ज्यादा नहीं होनी चाहिए कि परिवार अपनी दूसरी जरूरी जरूरतें पूरी न कर सके.इसके अलावा घर में परिवार के सभी सदस्यों के लिए पर्याप्त जगह होनी चाहिए. बुजुर्गों और दिव्यांगों समेत सभी लोगों की जरूरतों के हिसाब से घर की व्यवस्था होनी चाहिए. घर ऐसी जगह पर होना चाहिए, जहां से स्कूल, अस्पताल, रोजगार और दूसरी जरूरी सुविधाओं तक पहुंच आसान हो. साथ ही घर का निर्माण वहां रहने वाले लोगों की सामाजिक और सांस्कृतिक जरूरतों के मुताबिक होना चाहिए.

हाउसिंग संकट से निपटने के लिए क्या है जरूरी?

UN-Habitat की ‘WUF13 पर्सपेक्टिव्स’ रिपोर्ट में फोरम के दौरान हुई 467 बैठकों और कार्यक्रमों के ट्रांसक्रिप्ट और करीब 860 घंटे की रिकॉर्डिंग का विश्लेषण किया गया है. इसमें यह समझने की कोशिश की गई कि दुनिया में आवास की कमी को कैसे दूर किया जा सकता है और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पर्याप्त आवास कैसे पहुंचाया जा सकता है.रिपोर्ट के मुताबिक, इन चर्चाओं में तीन प्रमुख मुद्दे सामने आए. इनमें शहरी नियोजन, सही डेटा का इस्तेमाल और स्थानीय स्तर पर समाधान तैयार करना शामिल है. विशेषज्ञों ने कहा कि हाउसिंग संकट से निपटने के लिए सिर्फ नए घर बनाना काफी नहीं है. सरकारों को यह भी देखना होगा कि घर कहां बनाए जा रहे हैं, वहां बुनियादी सुविधाएं हैं या नहीं और आम लोगों के लिए उन्हें खरीदना या किराये पर लेना कितना आसान है.इसके साथ ही अनौपचारिक बस्तियों में रहने वाले लोगों, जलवायु परिवर्तन से पैदा होने वाले खतरों और आपदाओं के बाद आवास की जरूरतों पर भी चर्चा हुई. रिपोर्ट में सरकारों, निजी कंपनियों और स्थानीय समुदायों के बीच मिलकर काम करने की जरूरत बताई गई है.

आवास को दूसरी सुविधाओं से जोड़ने पर जोर

फोरम में ‘बाकू कॉल टू एक्शन’ नाम का एक दस्तावेज भी तैयार किया गया. इसमें कहा गया कि आवास को सिर्फ एक इमारत के तौर पर नहीं देखना चाहिए. इसे जमीन, सड़क, सार्वजनिक परिवहन, पानी, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और रोजगार के अवसरों से जोड़कर देखना जरूरी है. इसका मतलब है कि लोगों को सिर्फ घर उपलब्ध कराना काफी नहीं होगा. उन्हें ऐसी जगह पर आवास मिलना चाहिए, जहां से वे अपनी रोजमर्रा की जरूरतें आसानी से पूरी कर सकें.

भारत में भी करोड़ों घरों की कमी

भारत में भी हाउसिंग संकट एक बड़ी चुनौती बना हुआ है. नीति आयोग के दिसंबर 2025 के अनुमान के मुताबिक, देश के शहरी और अर्ध-शहरी इलाकों में करीब 5 से 7 करोड़ घरों की कमी है. वहीं, 2011 की जनगणना के अनुसार, देश में करीब 6.54 करोड़ लोग स्लम यानी झुग्गी-बस्तियों में रहते थे. ये आंकड़े बताते हैं कि भारत में भी किफायती और बेहतर सुविधाओं वाले घरों की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती है. हालांकि, ये आंकड़े अलग-अलग समय और पैमानों पर आधारित हैं, इसलिए इन्हें दुनिया के 40 फीसदी वाले आंकड़े से सीधे जोड़कर नहीं देखना चाहिए.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts