बांदा। चित्रकूटधाम परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस. ने सोमवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय बांदा के सभागार में चारों जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ बड़ी समीक्षा बैठक की। बैठक में बांदा एसपी पलाश बंसल, चित्रकूट एसपी अरुण कुमार सिंह, हमीरपुर एसपी मृगांक शेखर पाठक और महोबा एसपी शशांक सिंह मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत में माह भर में हुई बड़ी कानून-व्यवस्था की घटनाओं और गंभीर अपराधों की एक-एक कर समीक्षा की गई। डीआईजी ने अपराधों की रोकथाम के लिए सभी कप्तानों को सख्त निर्देश दिए। बैठक में यक्ष ऐप के प्रभावी क्रियान्वयन, हिस्ट्रीशीटरों और अपराध में लिप्त लोगों के सत्यापन, गुमशुदा लोगों की बरामदगी, अग्नि सुरक्षा, मीडिया रिस्पॉन्स, थानों में पड़े जब्त वाहनों और माल के निस्तारण, जनसुनवाई, सीसीटीएनएस में 60 और 90 दिन से लंबित विवेचनाओं, ई-साक्ष्य और ई-समन की गहन समीक्षा की गई। इसके अलावा ऑपरेशन कन्विक्शन, एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-ई और 68-एफ, साइबर अपराध, आई-गॉट प्रशिक्षण, जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट, ट्रैफिक जाम से निजात के लिए आरटीसी, जिलों के टॉप-10 अपराधियों और मफरूर अपराधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई पर भी चर्चा हुई। डीआईजी ने चिन्हित मफरूरों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए।आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही कार्तिक पूर्णिमा, अमावस्या, डॉ. भीमराव अंबेडकर महापरिनिर्वाण दिवस और क्रिसमस को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। डीआईजी ने निर्देश दिए कि धार्मिक स्थलों, मंदिरों, गिरजाघरों और प्रमुख आयोजन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल लगाया जाए। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी, प्रभावी गश्त और फुट पेट्रोलिंग की जाए। यातायात और भीड़ प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था की जाए और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखकर भ्रामक सूचनाओं का तुरंत खंडन किया जाए। सभी आयोजनों को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने और अधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था देखने के निर्देश दिए गए। सभी एसपी को अपराधों का जल्द खुलासा, प्रभावी विवेचना, वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित मामलों का जल्द निस्तारण, महिला और बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, सड़क सुरक्षा और जनशिकायतों का समय पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।उन्होंने साफ कहा कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है। पुलिसिंग को और ज्यादा प्रभावी, जवाबदेह और जनता के लिए सुलभ बनाया जाए।















