बांदा। आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल सम्पन्न कराने के लिए बांदा पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस ने थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को थाने पर बुलाकर उनका विस्तृत सत्यापन किया। इस दौरान सभी हिस्ट्रीशीटरों की वर्तमान गतिविधियों और अन्य जरूरी जानकारियों के बारे में पूछताछ की गई। पुलिस ने उन्हें सख्त हिदायत दी कि वे किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि में शामिल न हों और अपराधियों से कोई संबंध न रखें।सत्यापन के बाद सभी हिस्ट्रीशीटरों को अपराध से दूर रहने और भविष्य में किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल न होने की शपथ दिलाई गई। उन्हें यह भी निर्देश दिया गया कि थाना क्षेत्र में कहीं भी संदिग्ध गतिविधि, आपराधिक घटना या असामाजिक तत्वों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। एसपी पलाश बंसल ने कहा जनपद में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराना है। इसके लिए सभी हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन किया जा रहा है। जो भी चुनाव के दौरान गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की नजर हर गतिविधि पर है। एसपी ने आम जनता से भी अपील की है कि चुनाव के दौरान कहीं भी संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।















