महाराष्ट्र स्थित कोल्हापुर के बहुचर्चित गोकुल दूध संघ के अध्यक्ष संघ पद के चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं. आज यानी मंगलवार को अध्यक्ष पद का चुनाव हो रहा है, शाम तक नतीजे भी सामने होंगे. चुनाव में महायुति और समविचारी आघाड़ी के बीच मुकाबला है.इस बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गोकुल विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी और संस्था के साथ खड़े रहने की बात कही.फडणवीस ने ऑफ रिकॉर्ड कहा कि मैंने पहले ही कहा था कि वहां चुनाव में एक तरह से त्रिशंकु स्थिति बनी थी. एक गुट के 13 जबकि दूसरे गुट के 12 संचालक चुने गए थे. अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 14 सदस्यों का कोरम जरूरी है. उन्होंने कहा कि अगर सरकार को इस संस्था पर कब्जा करना ही होता तो चुनाव के तुरंत बाद ही 4 मनोनीत संचालक नियुक्त कर अपना नियंत्रण स्थापित कर सकती थी.
HC ने भी माना अध्यादेश में कोई खामी नहीं- CM
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि अध्यक्ष पद का चुनाव तीन बार टल चुका था. डीडीआर के पास भी अधिकार थे और डीडीआर भी सरकार के अधीन होता है. उस समय सरकार की कमेटी भी अस्तित्व में थी. लेकिन पहली बार ऐसी स्थिति बनी कि दोनों गुटों के पास जरूरी कोरम नहीं था. ऐसे में सरकार ने चार संचालकों की नियुक्ति का फैसला लिया. इसे लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई.उन्होंने कहा किसरकार का यह फैसला वैध है या अवैध, इसे लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई. लेकिनहाईकोर्ट ने कहा कि सरकार के अध्यादेश में कोई कानूनी खामी नहीं है. हालांकि, यह अंतरिम आदेश है, इसलिए अंतिम फैसला आने तक इन चारों मनोनीत संचालकों के वोट अलग रखे जाएं और चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाए. इसलिए अब यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है.
अब इसको राजनीतिक रंग दे दिया गया- फडणवीस
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, ‘मैंने तो खुले तौर पर कहा था कि अगर बंटी पाटील, हसन मुश्रीफ और सावकार आपस में बैठकर कोई फैसला करते हैं, तो कानून के मुताबिक जिन लोगों को नियुक्त करना होगा, उन्हें नियुक्त किया जाएगा.’ फडणवीस ने साथ ही गोकुल मुद्दे को लेकर जारी घमासान पर भी बात की, उन्होंने कहा कि इस वाबजूद अब इस मुद्दे को इतना राजनीतिक रंग दे दिया गया है.उन्होंने कहा किकोल्हापुर में केवल पांच हजार मतदाता हैं. इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी कूद पड़े हैं. कई छोटी ग्राम पंचायतों में भी कभी-कभी छह हजार मतदाता होते हैं. लेकिन यहां केवल पांच हजार मतदाताओं के मुद्दे को राष्ट्रीय राजनीति का रंग दिया जा रहा है. आखिर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘लेकिन मैं इस संस्था के साथ मजबूती से खड़ा हूं.’
अध्यक्ष पद के चेहरे को लेकर महायुति में खींचतान
गोकुल के हालिया संचालक मंडल चुनाव में समविचारी आघाड़ी ने 25 में से 13 सीटें जीतीं, जबकि महायुति समर्थित पैनल को 12 सीटें मिलीं. समविचारी आघाड़ी की ओर से शशिकांत पाटील चुयेकर अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हैं.वहीं, महायुति में अब तक अध्यक्ष पद के चेहरे को लेकर सहमति नहीं बन पाई है और सहयोगी दलों के बीच खींचतान जारी है.यदि अध्यक्ष पद राष्ट्रवादी कांग्रेस के खाते में जाता है, तो पूर्व विधायक राजेश पाटील का नाम आगे आ सकता है. इसके अलावा शिवसेना शिंदे गुट के अजित नरके और बीजेपी के चेतन नरके के नाम की भी चर्चा है. गोकुल परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 600 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. अब सबकी निगाहें अध्यक्ष पद के फैसले पर टिकी हैं.















