ई-लॉटरी से चयनित किसानों को तत्काल उठाना होगा बीज, पांच कार्यदिवस बाद दूसरे किसानों को आवंटित होगा बीज

मुजफ्फरनगर। रबी फसल 2026-27 की बुवाई को लेकर कृषि विभाग ने किसानों को महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया ने बताया कि कृषि विभाग की ओर से गेहूं, सरसों, तोरिया, चना, मटर और मसूर सहित विभिन्न फसलों के बीजों का सामान्य एवं निःशुल्क वितरण किया जा रहा है। इसके लिए विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था की गई थी। जिन किसानों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन किया था और ई-लॉटरी अथवा ऑटो कंफर्म माध्यम से जिनकी बीज बुकिंग की पुष्टि हो चुकी है, उनके लिए जनपद के सभी विकासखंडों में स्थित बीज गोदामों पर बीज उपलब्ध करा दिए गए हैं।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जिन किसानों की बीज बुकिंग कन्फर्म हो चुकी है, लेकिन उन्होंने अभी तक संबंधित बीज गोदाम से अपने बीज का उठान नहीं किया है, वे बिना देरी किए अपने विकासखंड के बीज गोदाम पर पहुंचकर बीज प्राप्त कर लें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बीज उठान के लिए किसानों को पांच कार्यदिवस का समय दिया जा रहा है। इस निर्धारित अवधि के भीतर यदि संबंधित किसान अपने बुक किए गए बीज का उठान नहीं करते हैं तो विभाग को उक्त बीज अन्य जरूरतमंद किसानों को आवंटित करना पड़ेगा, जिनकी ओर से भी बीज के लिए ऑनलाइन बुकिंग की गई है।

उन्होंने जनपद के सभी संबंधित किसानों से अपील की है कि वे इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा में बीज प्राप्त कर लें, ताकि रबी फसलों की बुवाई में किसी प्रकार की परेशानी न हो। बीज उठान से संबंधित जानकारी प्राप्त करने अथवा किसी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए किसान अपने संबंधित विकासखंड स्थित बीज गोदाम पर संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए बीज गोदाम प्रभारी अथवा संबंधित क्षेत्रीय कृषि कर्मचारी से जानकारी प्राप्त की जा सकती है। कृषि विभाग ने किसानों से समय पर बीज उठान करने की अपील की है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts