बाँदा। जिलाधिकारी कार्यालय में सोमवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। एक ग्रामीण अपने गले में फूलों की माला नहीं, बल्कि शिकायत पत्रों की माला पहनकर पहुंचा। उसका कहना था जब 5 साल से कागजों की सुनवाई नहीं हो रही, तो कागजों को ही गले में पहनकर आया हूं, ताकि साहब को दिखे कि कितनी बार शिकायत की है।नरैनी तहसील के चंदौर गांव के प्रदर्शनकारी ग्रामीण ने बताया कि उसकी ग्राम पंचायत में पिछले 5 साल से लगातार भ्रष्टाचार हो रहा है। उसने डीएम ,और मुख्यमंत्री, लखनऊ तक कई बार शिकायत दी है, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हमारे पासशिकायत किये हुए 5-6 किलो कागज रखे हैं। हर बार कहा जाता है हो जाएगा, लेकिन कागज फाइलों में डाल दिए जाते हैं।उसका आरोप है कि पंचायत में फर्जी कागज बनाकर पैसा निकाला जाता है और दूसरे-दूसरे लोगों के खातों में पैसा डाला जाता है।
ये लाख-दो लाख की बात नहीं है, करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार है। कब तक यहां का भ्रष्टाचार सुनते रहेंगे, खाते रहेंगे।ग्रामीण ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत की प्रधान ममता यादव और सचिव मिलकर भ्रष्टाचार कर रहे हैं। सचिव अपनी लिस्ट पास करके फर्जी तरीके से पैसा निकालकर भेज देते हैं। इन्हीं के हाथ में सब पावर चलता है। ग्रामीण के अनुसार जिलाधिकारी से मुलाकात हुई तो उन्होंने कहा कि “जाइए, हमने डीपीआरओ साहब को दे दिया है कार्यवाही होगी।
इस पर ग्रामीण ने कहा आश्वासन तो पहले भी कई बार मिला है, लेकिन जब काम हो जाए तब मानेंगे। अभी हमें कोई विश्वास नहीं है कि इस बार भी कुछ होगा। ग्रामीण की मांग है कि उसकी पंचायत के 5 साल के पूरे कामों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, फर्जी भुगतान की जांच हो और दोषियों पर कार्रवाई हो। फिलहाल जिलाधिकारी कार्यालय में इस अनोखे प्रदर्शन की चर्चा पूरे परिसर में होती रही। लोगों का कहना था जब एक आम आदमी को अपनी शिकायत सुनवाने के लिए कागजों की माला पहननी पड़े, तो सिस्टम पर सवाल उठना लाजमी है।















