आगरा । वस्तु एवं सेवा कर (GST) में फर्जी फर्मों के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) पास ऑन कर सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। विभाग ने एक वर्ष के दौरान 42 फर्जी फर्मों को चिन्हित किया है। इनके खिलाफ 33 मुकदमे दर्ज कराए गए हैं।
जांच में सामने आया कि इन फर्जी फर्मों ने बिना वास्तविक खरीद किए कागजों में खरीद-बिक्री दर्शाकर करीब 330 करोड़ रुपये का ITC पास ऑन किया। इनमें 33 फर्में CGST और 9 फर्में SGST में पंजीकृत थीं।विभागीय जांच के अनुसार SGST में पंजीकृत फर्मों ने करीब 112 करोड़ रुपये, जबकि CGST में पंजीकृत फर्मों ने करीब 218 करोड़ रुपये का ITC पास ऑन किया था।
फर्जीवाड़े की जानकारी मिलने के बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए 16.64 करोड़ रुपये का ITC ब्लॉक कराया। इसमें SGST से जुड़ी फर्मों का करीब 12 करोड़ रुपये और CGST से जुड़ी फर्मों का 4.64 करोड़ रुपये का ITC ब्लॉक किया गया।विभाग ने कार्रवाई के दौरान 7.7 करोड़ रुपये की रिकवरी भी की है। अधिकारियों के मुताबिक रिटर्न की जांच और संदिग्ध लेन-देन की पड़ताल के आधार पर फर्जी फर्मों की पहचान कर कार्रवाई की गई। मामले में जांच और आगे की कार्रवाई जारी है।















