बांदा। समाजवादी पार्टी ने बांदा में अपनी ताकत का एहसास करा दिया। नव नियुक्त जिलाध्यक्ष उमेश यादव के नेतृत्व में सपा कार्यालय से लेकर कलेक्ट्रेट तक विशाल जुलूस निकाला गया। सबसे पहले अंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया, उसके बाद नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। सपा ने ज्ञापन में सीधा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा है। पार्टी का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं, जिससे लोकतंत्र खतरे में है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तुरंत इस्तीफा दें और उनकी गिरफ्तारी हो।एसआईआर की पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष और पारदर्शी समीक्षा हो। किसी भी मतदाता का नाम काटने से पहले उसे सूचना और पक्ष रखने का मौका दिया जाए।
हटाए गए नामों का स्वतंत्र सत्यापन कराया जाए। सभी दलों को चुनाव प्रक्रिया में समान अवसर और जानकारी मिले। चुनाव आयोग पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो। जिलाध्यक्ष उमेश यादव ने कहा कि मतदाता का अधिकार ही लोकतंत्र की आधारशिला है। किसी भी पात्र नागरिक को वोट के अधिकार से वंचित करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इस विशाल जुलूस में विधायक विशंभर सिंह यादव, विशंभर निषाद, पूर्व विधायकों सहित महेंद्र सिंह वर्मा, कुदरत उल्ला, वीरेंद्र गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, अशोक दीक्षित, मयंक द्विवेदी, मदन टंका, किरन यादव, इमरान अली राजू, रजनी यादव, नीलम यादव समेत चारों विधानसभाओं के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।















