बांदा। बबेरू कस्बे से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। कमासिन रोड स्थित प्रभाकर नगर मोहल्ले में 11वीं की छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। मृतका की पहचान वैष्णवी उर्फ गौरी सोनी (16) पुत्री शिवचरन सोनी के रूप में हुई है। वह कस्बे के जेपी शर्मा इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि देर शाम वैष्णवी घर में अकेली थी। इसी दौरान अज्ञात कारणों के चलते उसने घर के अंदर लगे छल्ले में साड़ी बांधकर फांसी लगा ली। देर शाम जब परिजन घर पहुंचे तो छात्रा को फंदे पर लटका देख उनके होश उड़ गए और चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक वैष्णवी दो बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। उसके माता-पिता रोजी-रोटी के लिए इंदौर में रहकर मजदूरी करते हैं। वह यहां परिजनों के साथ रहकर पढ़ाई कर रही थी। सूचना पर पहुंची बबेरू कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज बांदा भेज दिया है। सोमवार दोपहर पोस्टमार्टम किया गया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।















