मुजफ्फरनगर। होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा के विद्यालय परिसर में डिस्ट्रिक्ट होम्योपैथिक फिजीशियन वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से एक दिवसीय निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं उपचार का लाभ लिया। शिविर में करीब 250 मरीजों का चिकित्सकीय परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया तथा निःशुल्क होम्योपैथिक दवाइयां वितरित की गईं। इसके अलावा लगभग 190 मरीजों की ब्लड शुगर और हीमोग्लोबिन की निःशुल्क जांच की गई। जांच के बाद चिकित्सकों ने मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार खान-पान, सावधानियों और उपचार संबंधी आवश्यक सुझाव दिए।
शिविर में सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार, जोड़ों एवं शरीर में दर्द, श्वसन संबंधी समस्याओं, त्वचा रोगों सहित विभिन्न सामान्य और पुरानी बीमारियों से संबंधित मरीजों की जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों की समस्याएं सुनकर उन्हें उचित चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्रदान किया।
शिविर में डिस्ट्रिक्ट होम्योपैथिक फिजीशियन वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अजय कौशिक, सचिव डॉ. मनीष प्रताप सिंह, कैम्प सचिव डॉ. प्रमोद कश्यप, कोषाध्यक्ष डॉ. सौरभ सिंह, डॉ. मोहित मलिक, डॉ. गौरव पाठक और डॉ. अभिषेक कुमार सहित अन्य चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। विद्यालय के प्रबंधक प्रवेन्द्र दहिया ने कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त समाज की आधारशिला है। आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना ऐसे शिविरों का उद्देश्य है। उन्होंने चिकित्सकों और एसोसिएशन का आभार जताते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। क्षेत्रवासियों ने निःशुल्क जांच, परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकों तथा विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।















