अमेरिका के साउथ कैरोलिना राज्य में एक बड़े न्यूक्लियर सेंटर की लैब में आग लगने के बाद इमरजेंसी घोषित कर दी गई. यह आग ऐकेन शहर के पास स्थित सवाना रिवर साइट (SRS) परिसर की सवाना रिवर नेशनल लेबोरेटरी में लगी. अधिकारियों के मुताबिक, आग शाम 5 बजकर 39 मिनट पर लगी. इसके बाद आपातकालीन कार्रवाई शुरू की गई. करीब दो घंटे बाद आग बुझा दी गई. अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित इमारत के बाहर रेडियोएक्टिव मटेरियल फैलने की कोई सूचना नहीं है. एहतियात के तौर पर केंद्र के एंट्री पॉइंट बंद कर दिए गए हैं और बाहर से आने वाले वाहनों को रोक दिया गया है.लैब के आसपास रेल, नदी और हवाई रास्तों से होने वाली आवाजाही पर भी रोक लगाई गई है. घटना से प्रभावित इलाकों में मौजूद जिन कर्मचारियों की जरूरत आग बुझाने या केंद्र को बंद करने के काम में नहीं है, उन्हें अपनी जगह पर ही सुरक्षित रहने का निर्देश दिया गया है. केंद्र के अधिकारी हालात संभालने की कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं. राज्य और स्थानीय प्रशासन की संबंधित एजेंसियों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है. स्थानीय लोगों को सलाह दी गई है कि वे रेडियो और टीवी पर खबरों के जरिए ताजा जानकारी लेते रहें.
75 साल से US के परमाणु कार्यक्रम में अहम भूमिका
सवाना रिवर साइट अमेरिका के परमाणु हथियार कार्यक्रम से जुड़ा एक बड़ा केंद्र है. इसकी वेबसाइट के मुताबिक, यह 75 साल से ज्यादा समय से अमेरिकी सेना के रणनीतिक सुरक्षा मिशन में मदद कर रहा है. अमेरिकी ऊर्जा विभाग के अनुसार, इस केंद्र में परमाणु सामग्री और रेडियोधर्मी कचरे को संभालने का काम होता है. यहां सफाई भी की जाती है, ताकि आसपास के पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके.
न्यूक्लियर सेंटर की वेबसाइट के मुताबिक, कर्मचारियों, आम लोगों और पर्यावरण की सुरक्षा के साथ देश की सुरक्षा सुनिश्चित करना इसकी प्राथमिकता है. इस सेंटर का निर्माण 1950 के दशक में हुआ था. उस समय यहां पांच परमाणु रिएक्टर बनाए गए थे. इनका इस्तेमाल परमाणु हथियार बनाने में काम आने वाली सामग्री, खासकर ट्रिटियम और प्लूटोनियम-239, तैयार करने के लिए किया जाता था. यहां रासायनिक पदार्थों को अलग करने वाले दो संयंत्र भी बनाए गए थे. इसके अलावा, कई दूसरी सहायक इकाइयां भी बनाई गई थीं.















