सारा अली खान और उनकी मां अमृता सिंह की प्रॉपर्टी को लेकर एक नई खबर सामने आई है। CRE Matrix द्वारा हासिल किए गए प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन पेपर्स के अनुसार, सारा अली खान और उनकी मां अमृता सिंह ने अंधेरी वेस्ट में 2,545 वर्ग फुट की एक कमर्शियल यूनिट, AI स्टूडियो फर्म ‘अपसर्ज लैब्स LLP’ को पांच साल के लिए किराए पर दी है।प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन के अनुसार, यह ऑफिस यूनिट अंधेरी वेस्ट में वीरा देसाई रोड पर स्थित ‘सिग्नेचर’ बिल्डिंग में है। ‘लीव एंड लाइसेंस’ एग्रीमेंट 29 सितंबर, 2026 को रजिस्टर किया गया था, जो 60 महीने यानी पांच साल की अवधि के लिए है। इस एग्रीमेंट में ‘अपसर्ज लैब्स एलएलपी’ (Upsurge Labs LLP) का प्रतिनिधित्व इसके पार्टनर सौमय जैन कर रहे हैं।
इस प्रॉपर्टी में क्या खास?
इस प्रॉपर्टी का RERA कारपेट एरिया 2,545 वर्ग फुट है, और एग्रीमेंट में तीन कार पार्किंग की जगह शामिल है। पेपर्स के अनुसार, शुरुआती मासिक किराया ₹5,85,350 है, जबकि सिक्योरिटी डिपॉजिट ₹35,12,100 है।
1 अक्टूबर, 2026 से शुरू हुई लीज
प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन पेपर्स के अनुसार, लीज 1 अक्टूबर, 2026 से शुरू हुई है। इसमें पहले दो महीने (1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक) का समय ‘फिट-आउट’ (तैयारी के काम) के लिए ‘रेंट-फ्री’ (किराया-मुक्त) अवधि के रूप में तय किया गया है। किराया देने की अवधि 1 दिसंबर, 2026 से शुरू होती है।
5 साल के लिए ₹3.76 करोड़ किराया
इस समझौते में हर साल किराए में 5% की बढ़ोतरी का प्रावधान है। रजिस्ट्रेशन के अनुसार, पांच साल की अवधि में कुल किराया ₹3.76 करोड़ तय किया गया है। शुरुआती मासिक किराए और RERA के तहत बताए गए कार्पेट एरिया के आधार पर, सालाना बढ़ोतरी को शामिल करने से पहले यह सौदा लगभग ₹230 प्रति वर्ग फुट प्रति माह बैठता है।
सैफ ने किराए पर लिया फ्लैट
CRE Matrix के हासिल किए गए प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन पेपर्स के अनुसार, पिछले हफ्ते सारा अली खान के पिता, सैफ अली खान, मुंबई के अंधेरी कुर्ला रोड पर 5,692 वर्ग फुट (RERA कारपेट एरिया) की दो कमर्शियल यूनिट्स को ₹22.76 लाख के मासिक किराए पर लेने की वजह से चर्चा में रहे।















