कठूमर श्रावण मास के कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि को सनातन धर्म संस्कृति अनुसार नाग पंचमी का पर्व आस्था व श्रद्धा के साथ मनाया गया। मंगलवार को प्रातःकाल से ही कठूमर कस्बा स्थित हॉद वाली बगीची में स्थित सांप की बंबी पर पूजा अर्चना के लिए महिला श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने नाग देवता को दूध से स्नान कराकर पूजन किया और अपने परिवार, सुहाग और क्षेत्र की सुख-शांति व कुशलता की कामना की। नाग पंचमी से एक दिन पूर्व ही महिलाएं चना, मोठ व अन्य सामग्री पानी में भिगोकर रखती हैं, जिन्हें वे पूजन के दिन साथ लेकर आती हैं। महिला श्रद्धालु चीना गुप्ता व डिंपल खंडेलवाल ने बताया कि करील के पेड़ के नीचे स्थित बंबी पर मोठ, मूंग आदि अर्पित कर नाग देवता का पूजन किया गया। पूजा के दौरान पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना रहा।















