मुजफ्फरनगर के बुढाना थाना क्षेत्र के गांव उकावली में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने अपनी सगी बहन की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद हत्या को छुपाने के इरादे से आरोपी ने अपने परिजनों और अन्य लोगों की मदद से शव को गांव के श्मशान घाट में ले जाकर जला दिया।घटना की सूचना मिलने पर बुढाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर अधजले शव को अपने कब्जे में ले लिया और पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए भेजा। बीट आरक्षी की तरफ से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना बुढाना पर मृतका के भाई, पिता, चचेरे भाई सहित अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा संख्या 257/2025 धारा 103(1)/238 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही मृतका के पिता कृष्णपाल और चचेरे भाई सौरभ को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं आज, 18 जून 2025 को पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी अर्जुन (मृतका का भाई) को चन्धेडी बिजलीघर चौकी क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।















