उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती-2023 में सफल अभ्यर्थियों के प्रशिक्षण की शुरुआत 17 जून 2025 से हो चुकी है। इसी क्रम में सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह एवं मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने विभिन्न जेटीसी प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जानसठ क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज कवाल, सिविल लाइन क्षेत्र के जीआईसी राजकीय इंटर कॉलेज और रिजर्व पुलिस लाइन स्थित जी-11 बैरक का दौरा कर रिक्रूट आरक्षियों के रहने, खाने, बैरिक व्यवस्था, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और बैरिकों की साफ-सफाई का विशेष रूप से अवलोकन किया और संतोषजनक व्यवस्थाओं पर संबंधित अधिकारियों की सराहना की। इसके साथ ही अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं में और सुधार लाया जाए, जिससे प्रशिक्षणरत आरक्षियों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और अनुशासित वातावरण मिल सके।निरीक्षण के दौरान शारीरिक व तकनीकी प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिए कि रिक्रूट आरक्षियों को पुलिसिंग के मूलभूत सिद्धांतों, कानून व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया और नागरिक हितों की रक्षा के प्रति पूरी सजगता के साथ प्रशिक्षण दिया जाए। साथ ही उनके कौशल विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।















