मुज़फ्फरनगर में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री (व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास) और स्थानीय विधायक कपिल देव अग्रवाल ने आज जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में चल रहे प्रयासों का हिस्सा था।निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छता, ओपीडी सेवाएं, दवा वितरण, भर्ती मरीजों की देखरेख और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति का मूल्यांकन किया। मौके पर ही मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उन्होंने उनकी समस्याएं, सुझाव और अनुभव भी सुने।मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल की हर सेवा जनोन्मुखी, पारदर्शी और दक्ष होनी चाहिए। मरीजों को समय पर जांच, उपचार, दवा और एक स्वच्छ व आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराया जाना अनिवार्य है। उन्होंने यह भी कहा कि आपातकालीन सेवाएं 24 घंटे सक्रिय और प्रभावी रहनी चाहिए और किसी भी मरीज या परिजन को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए।कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल अस्पतालों की इमारतें बनाना नहीं है, बल्कि उन्हें सेवा और संवेदना के केंद्र के रूप में विकसित करना है। उन्होंने दोहराया कि हर जरूरतमंद को समय पर, गुणवत्तापूर्ण और गरिमापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिलना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।















