राजस्थान के अलवर जिले के औद्योगिक क्षेत्र एमआईए (MIA) स्थित जेएम इंडस्ट्रीज के प्लांट नंबर-12 में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। फैक्ट्री में कार्यरत श्रमिक राजू पुत्र मोहरपाल (जाटव), निवासी केरवा जाट की पानी के कुंडे में गिरने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री परिसर में बने एक लगभग पांच फुट गहरे कुंडे में चार फुट तक पानी भरा हुआ था, जिसमें गिरकर राजू की मौत हुई। सूचना पाकर उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में फैक्ट्री पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए फैक्ट्री के सामने सड़क मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि यह हादसा लापरवाही का नतीजा है और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा तथा आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए।
परिजनों ने बताया कि मृतक के पिता और भाई की पहले ही हादसों में मौत हो चुकी है। अब परिवार का एकमात्र सहारा भी चला गया, जिससे उसकी विधवा पत्नी पर चार छोटे-छोटे बच्चों की जिम्मेदारी आ गई है।
ग्रामीणों और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच वार्ता के बाद फैक्ट्री मालिक ने मुआवजा देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ और जाम हटाया गया।















