मुजफ्फरनगर। रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने परेड की सलामी लेकर पुलिस बल की अनुशासनात्मक व्यवस्था, एकरूपता और कार्यक्षमता का निरीक्षण किया। परेड का संचालन सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा द्वारा किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहने के उद्देश्य से परेड ग्राउंड में दौड़ लगवाई गई तथा टोलीवार ड्रिल कराई गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों का टर्न आउट चेक करते हुए शस्त्र संचालन, उनके रख-रखाव और अनुशासन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
परेड निरीक्षण के दौरान पुलिस वाहनों की कार्यक्षमता भी परखी गई। सभी वाहनों को संचालित कराकर उनके हूटर, लाइट, वायरलेस सिस्टम और अन्य उपकरणों की जांच की गई। साथ ही वाहनों में उपलब्ध प्राथमिक चिकित्सा किट की स्थिति का परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों और वाहन चालकों को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए। डायल-112 सेवा में तैनात पुलिसकर्मियों को बेहतर रिस्पॉन्स टाइम बनाए रखने, निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर समय से मौजूद रहने तथा क्षेत्र में सतर्क निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित भोजनालय और बैरकों का निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों के भोजन, साफ-सफाई और रहने की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में मोटर परिवहन शाखा का भी अवलोकन किया गया, जहां वाहनों की साफ-सफाई, रखरखाव तथा अभिलेखों और रजिस्टरों की जांच की गई। अधिकारियों को वाहनों के नियमित रखरखाव और अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
अंत में आदेश कक्ष में अर्दली रूम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारी एवं कर्मचारीगण की समस्याएं सुनी गईं तथा रजिस्टरों और अभिलेखों का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
























































