सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक आयोजित हो रहे विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में 24 सितंबर 2025 को राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण मुजफ्फरनगर में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर केंद्र प्रबंधक ऋतु चौधरी ने दत्तक ग्रहण, कारा तथा फास्टर केयर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उपस्थित लोगों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सुरक्षित पालन-पोषण के लिए दत्तक ग्रहण और फास्टर केयर योजनाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान ऋतु चौधरी ने करियर काउंसलिंग के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आज के समय में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और विविध करियर विकल्पों के बीच सही दिशा चुनना युवाओं के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया है। करियर काउंसलिंग इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह न केवल आत्म-जागरूकता को बढ़ावा देती है, बल्कि व्यक्ति को अपनी ताकत और कमजोरियों को समझने में भी मदद करती है। करियर काउंसलिंग के माध्यम से युवा अपने भविष्य की स्पष्ट योजना और रणनीति बना सकते हैं, जिससे सही मार्गदर्शन पाकर उन्हें सफलता और नौकरी में संतुष्टि मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि करियर काउंसलिंग व्यक्ति को सही विकल्प चुनने में मदद करती है और जीवन के हर क्षेत्र में बेहतर अवसरों की ओर ले जाती है। इस अवसर पर अभिकरण से जुड़े कर्मचारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे और कार्यक्रम का लाभ उठाया।















