मुज़फ्फरनगर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित मदीना चौक पर करंट लगने से समद पुत्र नूर मोहम्मद की मौत के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी के तहत कांवड़ यात्रा–2025 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़ और सीओ सिटी ने नगर पालिका और विद्युत विभाग की टीम के साथ संयुक्त रूप से कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले विद्युत पोलों और शिविरों की विद्युत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण मीनाक्षी चौक से लेकर मदीना चौक तक के पूरे मार्ग पर किया गया, जहां अधिकारियों ने गहन अवलोकन के दौरान कई स्थानों पर विद्युत सुरक्षा से संबंधित गंभीर खामियां पाईं। इन खामियों को तत्काल दूर करने के निर्देश मौके पर ही संबंधित विभागों को दिए गए।सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि विद्युत पोल, खुले तार और शिविरों में लगाए गए अस्थायी कनेक्शन की नियमित जांच की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि चिन्हित कमियों को शीघ्र दूर किया जाएगा और इन व्यवस्थाओं पर निरंतर निगरानी रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त फॉलोअप निरीक्षण भी जल्द किया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की चूक न हो।प्रशासन ने कांवड़ सेवा शिविर संचालकों के साथ–साथ विद्युत विभाग के अधिकारियों से यह अपील की है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की दुर्घटना की पुनरावृत्ति रोकी जाएगी। प्रशासन की यह मुहिम कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और दुर्घटना–मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।















