मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुनील तेवतिया ने कांवड़ यात्रा पर्व 2025 के मद्देनजर जनपद मुजफ्फरनगर के विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुरकाजी ब्लॉक में स्थित भूराहेडी चेक पोस्ट और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरला पर लगाए गए कांवड़ स्वास्थ्य शिविरों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरकाजी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ सुमित चौधरी और टीम द्वारा लगाए गए विशाल भंडारे का शुभारंभ किया। इस भंडारे में कांवड़ियों को सुबह और शाम अलग–अलग भोजन प्रसाद वितरित किया जाएगा। यह सेवा 21 जुलाई तक जारी रहेगी।इसके अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरला में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कांवड़ियों को जलजीरा, फ्रूटी और शुद्ध पानी का वितरण शुरू किया, जिसका उद्घाटन भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने किया।निरीक्षण के समय जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ लोकेश चंद गुप्ता, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ दिव्या वर्मा, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ गीतांजलि वर्मा, सहबान, संजीव शर्मा और मनोज कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और सुविधा का आकलन किया ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।















