मुजफ्फरनगर। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दीक्षा उपाध्याय ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की द्वितीय तिमाही से दिव्यांग पेंशन का लाभ आधार बेस्ड पेमेंट प्रणाली के माध्यम से दिया जाना प्रारंभ किया गया है। इस व्यवस्था के तहत पेंशन की धनराशि सीधे लाभार्थी के आधार लिंक्ड बैंक खाते में भेजी जाएगी। इसके लिए लाभार्थी का बैंक खाता एनपीसीआई (NPCI) से मैप्ड होना अनिवार्य किया गया है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि जनपद में वर्तमान में कुल 309 दिव्यांग पेंशन लाभार्थियों के बैंक खातों की एनपीसीआई मैपिंग का कार्य लंबित है। इसके चलते संबंधित लाभार्थियों को पेंशन की धनराशि प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है। उन्होंने ऐसे सभी दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे बिना देरी किए अपनी संबंधित बैंक शाखा में संपर्क करें और अपने बैंक खाते में एनपीसीआई मैपिंग की प्रक्रिया पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि आधार बेस्ड पेमेंट व्यवस्था के तहत पेंशन राशि लाभार्थी के आधार से लिंक्ड और एनपीसीआई मैप्ड बैंक खाते में ही अंतरित की जाएगी। इसलिए जिन लाभार्थियों को दिव्यांग पेंशन प्राप्त नहीं हो रही है, वे सबसे पहले अपने बैंक खाते की स्थिति की जांच कराएं और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराएं।
अधिकारी ने दिव्यांगजनों से यह भी अपील की कि बैंक में एनपीसीआई मैपिंग कराने के बाद अपने खाते की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की बाधा न आए। विभाग की ओर से लाभार्थियों को समय से पेंशन का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने पर जोर दिया जा रहा है। संबंधित लाभार्थियों से अपील की गई है कि वे इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराएं।























































