मुजफ्फरनगर। जनपद पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी वांछित अपराधी हाजी इकराम को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए विदेश भाग गया था और काफी समय बाद ईद के मौके पर भारत लौटने पर उसे दबोच लिया गया। इस गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हाजी इकराम ने अपने साथियों जुनैद अंसारी और खालिद अंसारी के साथ मिलकर “स्टेप फार्मिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड” नाम से एक कंपनी बनाई थी। इस कंपनी के जरिए लोगों को जैविक खेती और वर्मी कम्पोस्ट खाद के नाम पर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया जाता था। आरोपी लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करता था और उन्हें बड़े रिटर्न का लालच देकर लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक की ठगी करता था। इस फर्जीवाड़े में कई लोग अपनी जमा पूंजी गंवा बैठे।थाना सिविल लाइन पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए मॉल रोड क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड और एक पासपोर्ट बरामद किया है।
बरामद सामान से पुलिस को ठगी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि ठगी की वारदातों को अंजाम देने के बाद वह पुलिस से बचने के लिए सऊदी अरब भाग गया था। वहां काफी समय तक छिपकर रहने के बाद वह हाल ही में ईद मनाने के लिए भारत लौटा था। पुलिस को उसकी गतिविधियों की भनक लग गई और योजनाबद्ध तरीके से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार हाजी इकराम के खिलाफ मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और हरिद्वार–रुड़की क्षेत्रों में कुल छह मुकदमे दर्ज हैं। वह शातिर किस्म का अपराधी है और लंबे समय से कानून से बचता फिर रहा था। उसकी गिरफ्तारी से कई पुराने मामलों के खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।अब पुलिस आरोपी के पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन–कौन लोग शामिल हैं और किन–किन क्षेत्रों में इस तरह की ठगी को अंजाम दिया गया। साथ ही ठगी के पैसों के लेन–देन और निवेश के तरीके को भी खंगाला जा रहा है।यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना सिविल लाइन पुलिस टीम द्वारा की गई। टीम में उपनिरीक्षक रेशमपाल सिंह, कृष्णकपूर सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की इस कार्रवाई की सराहना की है और आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।















