बुढ़ाना। शीतलहर से बचाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र सिंह ने शुक्रवार देर रात बुढ़ाना पहुंचकर नगर पंचायत क्षेत्र में बनाए गए रैन बसेरों और सार्वजनिक स्थलों पर जल रहे अलावों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर पंचायत द्वारा की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीएम ने नगर पंचायत बुढ़ाना के परिसर में स्थापित निशुल्क रैन बसेरे का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि रैन बसेरे का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि निराश्रित, असहाय और जरूरतमंद लोग रात के समय इसका लाभ उठा सकें। निरीक्षण में पाया गया कि रैन बसेरे में पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त संख्या में बेड और कंबल उपलब्ध थे। साथ ही शौचालय, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक पाई गई।
इसके अलावा एडीएम ने नगर क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर जलाए जा रहे अलावों का भी निरीक्षण किया। सभी अलाव नियमित रूप से जलते हुए मिले। उन्होंने नगर पंचायत कर्मचारियों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र में जल रहे सभी अलावों की जानकारी आपदा राहत पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट की जाए।
एडीएम ने अधिशासी अधिकारी आलोक रंजन को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि ठंड के मौसम में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति खुले में न रहे। रैन बसेरे और अलाव की व्यवस्था लगातार सुचारु रूप से चलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शीतलहर के दौरान जरूरतमंदों को राहत पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गईं। इस मौके पर वरिष्ठ लिपिक सतीश पंवार, शाह आलम, सचिन कोरी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।















