कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ने वाली सीनियर छात्रा के साथ उसके ही जूनियर छात्र ने दुष्कर्म किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले छात्रा को कॉलेज कैंपस में मिलने के लिए बुलाया। जब पीड़िता वहां पहुंची तो आरोपी ने बहाने से उसे पुरुष शौचालय के अंदर ले जाकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और उसके साथ जबरन रेप किया।
घटना के बाद आरोपी ने छात्रा से बेहद अमानवीय व्यवहार करते हुए कहा – “दवा तो नहीं चाहिए?” इस बात से पीड़िता मानसिक रूप से टूट गई। डर और शर्म के कारण उसने तुरंत किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। बाद में हिम्मत जुटाकर उसने कॉलेज प्रशासन और पुलिस को पूरी घटना बताई।
शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। पांच दिन की तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि दोनों एक ही कॉलेज में पढ़ते थे, लेकिन अलग-अलग सेमेस्टर में थे। आरोपी ने पहले पीड़िता से दोस्ती की थी और बाद में उसे ब्लैकमेल कर मिलने के लिए बुलाया था। कॉलेज प्रशासन ने घटना की निंदा करते हुए आरोपी को तुरंत निलंबित कर दिया है और मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी पर रेप (IPC 376) और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। यह मामला फिर एक बार कॉलेज परिसरों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।















