जयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ए.सी.बी.) मुख्यालय के निर्देश पर जयपुर नगर-प्रथम, जयपुर इकाई द्वारा एक कार्रवाई करते हुए नगर निगम ग्रेटर, मानसरोवर जोन के गैराज शाखा में समय पालक लालचंद सैनी को 1,500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। ए.सी.बी. महानिदेशक पुलिस डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि परिवादी, जो नगर निगम ग्रेटर में संविदा चालक के रूप में डंपर चलाता है, से लालचंद सैनी द्वारा प्रतिदिन 100 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। इस शिकायत पर राहुल कोटोकी, उप महानिरीक्षक पुलिस-द्वितीय के सुपरविजन में और भूपेंद्र, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जयपुर नगर प्रथम के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। इस दौरान नीरज गुरनानी, उप अधीक्षक पुलिस एवं अन्य अधिकारियों की टीम ने आरोपी लालचंद सैनी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आगे की जांच जारी है।















