जयपुर एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ, जयपुर ईकाई ने आज कार्रवाई करते हुए नगर निगम ग्रेटर गैराज शाखा, मालवीय नगर (लालकोठी), जयपुर में तैनात समयपालक राकेश कुमार सेठी को 5000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ को एक शिकायत मिली थी कि राकेश कुमार सेठी ने परिवादी से नगर निगम में डंपर पर चालक लगाने के एवज में 3000 रुपये प्रति माह की रिश्वत मांगी थी। कुल 9000 रुपये की मांग में से 1500 रुपये सत्यापन के दौरान लिए गए, जबकि शेष राशि में से एक महीने के पैसे कम कर 5000 रुपये में सहमति बनी।
एसीबी जयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक द्वितीय राहुल कोटोकी के सुपरविजन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञानप्रकाश नवल के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक गंभीर सिंह व अन्य अधिकारियों ने ट्रैप कार्रवाई कर आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ जारी है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।















