स्वच्छ भारत मिशन के तहत सरस्वती शिशु मंदिर में टॉयलेट ब्लॉक का उद्घाटन,

मुजफ्फरनगर। शहर के मौहल्ला केशवपुरी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत निर्मित आधुनिक टॉयलेट ब्लॉक का विधिवत उद्घाटन नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से कम से कम एक पेड़ लगाने व उसकी देखभाल की अपील की।विद्यालय पहुंचने पर शिक्षिकाओं ने मीनाक्षी स्वरूप का पारंपरिक तिलक लगाकर और पटका पहनाकर स्वागत किया। मंत्रोच्चारण के बाद नारियल फोड़कर और फीता काटकर टॉयलेट ब्लॉक को विद्यालय परिवार को समर्पित किया गया। उद्घाटन के पश्चात पालिकाध्यक्ष ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और विद्यालय की अन्य आवश्यकताओं के अनुसार भविष्य में और जनसुविधाओं के विकास का आश्वासन दिया।उन्होंने बताया कि इस आठ सीट वाले टॉयलेट ब्लॉक में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें यूरिनल, हैंडवॉश बेसिन, दिव्यांगजनों के लिए विशेष टॉयलेट सीट, इंग्लिश और देशी शौचालय के साथ स्नानघर भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और सुंदरता के दृष्टिकोण से इस तरह के टॉयलेट ब्लॉक शहर के अन्य स्थानों और विद्यालयों में भी बनाए जाएंगे ताकि नागरिकों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध हो सकें।विद्यालय प्रबंध समिति ने नगरपालिका के इस कार्य के लिए आभार व्यक्त किया और इसे बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छता की दिशा में प्रेरणादायक कदम बताया। प्रधानाचार्य कौशल आर्य ने मीनाक्षी स्वरूप की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने संवेदनशीलता दिखाकर बच्चों की बुनियादी जरूरतों को समझा और सहयोग दिया।पालिका के सहायक अभियंता नैपाल सिंह ने बताया कि इस ब्लॉक का निर्माण स्वच्छ भारत मिशन के तहत लगभग 11 लाख रुपये के बजट में किया गया है। इस मौके पर पालिका सभासद सतीश कुकरेजा, रविकांत शर्मा, प्रमोद कुमार, कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष विजय टंडन, प्रबंधक संजय अग्रवाल, भाजपा नेता मोहन तायल, सुनील तायल, पंकज माहेश्वरी, नवनीत गुप्ता, मुकेश दत्त शर्मा, गोपाल सिंह, नूतन मित्तल, साक्षी शर्मा, सरिका रानी, इन्दू त्यागी, सरिता समेत कई शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts