वृक्षारोपण महाअभियान 2025 के अंतर्गत मुजफ्फरनगर में 33 लाख 60 हजार पौधों के रोपण का शुभारंभ बेगराजपुर औद्योगिक क्षेत्र पार्क-1 से हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग, कपिल देव अग्रवाल रहे, जबकि अध्यक्षता मंडलायुक्त सहारनपुर अटल कुमार राय ने की।कार्यक्रम की शुरुआत त्रिवेणी वृक्ष (बरगद, पीपल व नीम) लगाकर की गई। इस मौके पर विधायक बुढाना राजपाल बालियान, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संदीप मलिक सहित कई जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण किया। कार्यक्रम की थीम “एक पेड़ मां के नाम 2.0” को लोगों ने व्यापक समर्थन दिया।मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 37 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है और मुजफ्फरनगर इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपने जन्मदिन पर पौधा लगाने और उसकी देखरेख का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण कर हम पर्यावरण को शुद्ध व जीवन को स्वस्थ बना सकते हैं।मंडलायुक्त अटल कुमार राय ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए एक निवेश है। जो वृक्ष आज हमें ऑक्सीजन दे रहे हैं, वो हमारे पूर्वजों की देन हैं, इसलिए हमें भी आने वाली पीढ़ी के लिए हरियाली छोड़नी होगी।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि जिले में तय लक्ष्य से अधिक पौधे लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी से अपील की कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करें ताकि वे वृक्ष बन सकें। उन्होंने यह भी बताया कि इंद्रदेव की वर्षा ने आज के पौधारोपण को सफल बनाने में सहयोग दिया है।कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स, विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं, ग्राम प्रधान, सामाजिक संगठन, वन विभाग व पंचायतीराज विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाले कई व्यक्तियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। आयोजन का संचालन बाल कल्याण समिति के संस्थापक डॉ. राजीव कुमार ने किया।















