मुज़फ़्फ़रनगर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा जारी इस माह की स्वास्थ्य डैशबोर्ड रैंकिंग में मुज़फ़्फ़रनगर जनपद ने पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 75 जिलों में से मुज़फ़्फ़रनगर का कंपोजिट स्कोर 0.72 रहा, जो कि पहले स्थान पर रहे हाथरस के बराबर है। हालांकि, अल्फाबेट क्रम में हाथरस पहले आता है, इसलिए उसे प्रथम स्थान मिला। इस सफलता पर जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संतोष प्रकट करते हुए कहा कि यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग की मेहनती टीम, आशा कार्यकर्ताओं और जनता के सहयोग का प्रतिफल है।
जनपद ने एचआईवी जांच और पूर्ण टीकाकरण जैसे प्रमुख क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन किया है। गर्भवती महिलाओं की 100% HIV स्क्रीनिंग तथा BCG, Pentavalent और Measles जैसे जरूरी टीकों का 100% कवरेज सुनिश्चित कर जिले ने प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। पुरकाज़ी, मुख्यालय क्षेत्र और जानसठ जैसे ब्लॉक बेहतरीन कार्य के लिए चिन्हित किए गए हैं। इसके साथ ही HBNC विज़िट यानी नवजातों के घर पर स्वास्थ्य परीक्षण की दर भी अधिकांश ब्लॉकों में 100% रही है। चार या उससे अधिक ANC जांच और हीमोग्लोबिन परीक्षण में भी कई ब्लॉकों ने लक्ष्य को पूर्ण किया है।
संस्थागत प्रसव दर में लगातार सुधार के संकेत मिले हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों जैसे खतौली, शहरी क्षेत्र और बघरा में सुधार की आवश्यकता को चिन्हित किया गया है। इन ब्लॉकों को लेकर विशेष निगरानी और प्रोत्साहन योजनाओं पर काम शुरू हो चुका है। यह उपलब्धि साबित करती है कि सेवा भावना, टीमवर्क और जनसहयोग से किसी भी जिले को प्रदेश में अग्रणी बनाया जा सकता है। जनपद मुज़फ़्फ़रनगर की यह सफलता पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक प्रेरणास्रोत बनकर उभरी है।















