सहारनपुर में महापौर व नगरायुक्त ने हेलीकॉप्टर से की कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा, बोले- सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का महापर्व है कांवड़ यात्रा

सहारनपुर। नगर निगम की ओर से कांवड़ यात्रा को सम्मानित करते हुए महापौर डॉ. अजय कुमार व नगरायुक्त शिपू गिरी ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। देहरादून रोड स्थित राकेश केमिकल के पास बनाए गए निजी हेलीपैड से उन्होंने उड़ान भरते हुए देहरादून रोड से अंबाला रोड तक कांवड़ मार्ग पर हरिद्वार से लौट रहे शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इस दौरान यूएसए के वरिष्ठ पत्रकार अक्षित भी उनके साथ मौजूद रहे।

बाद में पार्षद मयंक गर्ग, नीरज शर्मा, दिग्विजय चौहान व ज्योति अग्रवाल ने भी हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धा और सेवा का भाव प्रकट किया। मौके पर क्षेत्रीय लोगों और कई शिविर संचालकों ने महापौर, नगरायुक्त और पार्षदों का फूल-मालाओं और बुके से भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का महापर्व है। वर्ष 2017 से जब से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सुशासन स्थापित हुआ है, तब से यह यात्रा पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम श्रद्धालुओं की सेवा के लिए समर्पित है और दिन-रात कार्यरत है।

उन्होंने बताया कि निगम सीमा में स्थित कांवड़ शिविरों में शुद्ध जलापूर्ति, स्वच्छता, शौचालय और पथ प्रकाश की विशेष व्यवस्था की गई है। जलभराव जैसी समस्याओं से निपटने के लिए निगम की क्यूआरटी टीमें लगातार मुस्तैद हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग को पॉलीथिन व प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने का भी संकल्प लिया गया है।

इस कार्यक्रम में पार्षद मंसूर बदर, पार्षद प्रतिनिधि असद सिद्दीकी समेत अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts