मुजफ्फरनगर शहर में विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए सदर विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने तीन बड़े निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इन कार्यों को लंबे समय से जनता की प्राथमिक मांग माना जा रहा था और अब इनके शुरू होने से शहर की मूलभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलने जा रही है।पहला कार्य गांधी कॉलोनी, पचेंडा रोड पर पंजाबी बारात घर से लेकर पूर्व मंत्री स्व. हुकुम सिंह की कोठी होते हुए गली नंबर 9 के चौराहे तक सीसी रोड और नाली के निर्माण से जुड़ा है। इस क्षेत्र में लंबे समय से सड़क और जलनिकासी की समस्या बनी हुई थी। बारिश के दिनों में गली–मोहल्लों में जलभराव हो जाता था, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब इस निर्माण से न केवल बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी बल्कि जलनिकासी की दिक्कत भी दूर होगी।दूसरा महत्वपूर्ण कार्य ट्रांसपोर्ट नगर में क्षतिग्रस्त सड़कों के सुदृढ़ीकरण का है। ट्रांसपोर्ट नगर शहर की आर्थिक गतिविधियों का केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। भारी वाहनों के लगातार दबाव और लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण यहां की सड़कें जर्जर हो चुकी थीं। इस मरम्मत और मजबूतीकरण कार्य से व्यापारियों, ड्राइवरों और स्थानीय नागरिकों को काफी राहत मिलेगी।तीसरा कार्य ट्रांसपोर्ट नगर में आरसीसी नाले के निर्माण से संबंधित है। इस क्षेत्र में भी जलभराव और गंदगी की समस्या बनी रहती थी, जिससे लोगों का जीवन प्रभावित होता था। आरसीसी नाले के बनने से वर्षा का पानी और गंदा पानी व्यवस्थित ढंग से निकलेगा, जिससे इलाके मे स्वच्छता और सुगमता सुनिश्चित होगी।शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय सभासद और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस मौके पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि इन कार्यों की स्वीकृति क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांगों को देखते हुए दी गई है। अब ये कार्य धरातल पर उतरने जा रहे हैं और आने वाले समय में इनके पूरे होने से लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि शहर की मूलभूत सुविधाएं जब मजबूत होंगी, तभी नागरिकों का जीवन सरल और सुगम बनेगा।उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश में सड़कों, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। विशेषकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश के क्षेत्र में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार केवल शिलान्यास करने तक सीमित नहीं है, बल्कि कार्य की गुणवत्ता, समयबद्धता और जनता की संतुष्टि पर भी बराबर ध्यान दिया जा रहा है।इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त की और मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरे होने से न केवल शहर की तस्वीर बदलेगी बल्कि आम जनता की समस्याओं में भी ठोस कमी आएगी।















