बरला गांव में मंडलायुक्त की चौपाल, जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा,

मुजफ्फरनगर। जनपद के विकास खंड पुरकाजी की ग्राम पंचायत बरला में ग्राम-चौपाल/जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुक्त सहारनपुर मंडल डॉ रूपेश कुमार ने की। इस दौरान गांव में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं।चौपाल के दौरान निराश्रित पेंशन, दिव्यांग पेंशन, वृद्धा पेंशन, राशन वितरण, विद्युत आपूर्ति, शिक्षा व्यवस्था, मिड डे मील, अध्यापकों की उपस्थिति, बिरासत योजना, हर घर जल योजना, पंचायत भवन, स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ग्रामीणों से ली गई। अधिकांश ग्रामीणों ने बताया कि कई योजनाओं का लाभ उन्हें मिल रहा है, लेकिन हर घर जल योजना के अंतर्गत पानी की आपूर्ति बाधित होने की समस्या सामने आई। इस पर मंडलायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी की टंकी की मरम्मत कराकर प्रत्येक घर तक स्वच्छ और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

विद्यालय में छात्र-छात्राओं की कम उपस्थिति पर मंडलायुक्त ने चिंता जताई और अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें, क्योंकि यही बच्चे देश और समाज का भविष्य हैं। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि गांव में जाकर अभिभावकों को समझाया जाए और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए।ग्रामीणों द्वारा विद्युत बिल अधिक आने की शिकायत पर मंडलायुक्त ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि रविवार को विद्युत गृह में कैंप लगाकर बिल से संबंधित समस्याओं का निस्तारण किया जाए। साथ ही आयुष्मान कार्ड, पेंशन, राशन कार्ड सहित अन्य योजनाओं के लिए संबंधित विभागों को कैंप लगाकर पात्र ग्रामीणों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचे, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों की अन्य समस्याओं को भी सुना गया और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके उपरांत मंडलायुक्त ने प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में उपस्थित छात्र-छात्राओं से पढ़ाई के बारे में जानकारी ली, जिस पर बच्चों ने बताया कि शिक्षण कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। विद्यालय में बनी स्मार्ट क्लास का अवलोकन किया गया और स्मार्ट बोर्ड पर बच्चों से लिखवाकर उनकी शैक्षणिक स्थिति को परखा गया। एक छात्रा द्वारा विद्यालय का पूरा नाम सही ढंग से लिखे जाने पर उसकी सराहना की गई और उसे आगे और बेहतर पढ़ाई कर जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया।मंडलायुक्त ने जिला पंचायत राज अधिकारी को गांव बरला में एक लाइब्रेरी स्थापित करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, संयुक्त विकास आयुक्त दुष्यंत कुमार सिंह, अपर जिला अधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, उपकृषि निदेशक, पीओनेडा, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts